एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना वर्ली विधानसभा सीट से मिलिंद देवड़ा को टिकट दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो मिलिंद देवड़ा का वर्ली सीट पर शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे से मुकाबला होगा। मिलिंद देवड़ा वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं और दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान मिलिंद देवड़ा को ही वर्ली की कमान दी गई थी। वर्ली सीट शिवसेना यूबीटी के प्रभाव वाली मानी जाती है और इसके बावजूद वर्ली से शिवसेना यूबीटी को महज 6500 वोट की ही बढ़त हासिल हुई थी।
वर्ली सीट पर त्रिकोणीय हो सकता है मुकाबला
वर्ली सीट से राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे ने संदीप देशपांडे को टिकट दिया है। ऐसे में अगर शिवसेना मिलिंद देवड़ा के नाम पर मुहर लगाती है तो वर्ली सीट पर मुकाबला रोचक हो जाएगा। आदित्य ठाकरे ने गुरुवार वर्ली सीट से नामांकन भर दिया। इस दौरान उन्होंने रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई। आदित्य ठाकरे ने इस दौरान कहा कि 'मुझे विश्वास है कि जनता मुझे अपना आशीर्वाद जरूर देगी क्योंकि इस बार महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी की सरकार बनने जा रही है।' शिवसेना यूबीटी के नेता अरविंद सावंत ने भी विश्वास जताया कि वर्ली सीट पर जनता आदित्य ठाकरे को ही चुनेगी।