मुंबई। जन्मदिन के उत्सव के दौरान कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (SP) के विधायक अबू आसिम आजमी और उनकी पार्टी के 17 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। अबू आजमी इस समारोह में रथ पर सवार थे।

कार्यक्रम में न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा था न ही लोगों ने मास्क पहना था। खुद अबू आजमी ने भी मास्क नहीं पहना था। मीडिया खबरों के मुताबिक उन्होंने तलवार से केक को काटा। पुलिस ने बताया कि अब आजमी और सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ तलवार से केक काटने और कोरोना रोकथाम नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। उनके सैकड़ों कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए थे।

इस दौरान कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने पटाखे भी फोड़े। मामला दर्ज होने के बाद आजमी ने न्यूज चैनल पर कहा कि यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं ने आयोजित किया था और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी भीड़ एकत्र होगी। आजमी पर आरोप है कि उन्होंने उपनगरीय गोवंडी इलाके में कई स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं के साथ एकत्र होकर अपना जन्मदिन मनाने के दौरान कोरोना वायरस संबंधी नियमों का उल्लंघन किया।