नई दिल्लीः महाराष्‍ट्र में मॉनसून जोरों पर है। मुंबई समेत राज्य के अनेक जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसकी वजह से जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं गुरुवार शाम को पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से बात की। इस बातचीत में भारी बारिश और बाढ़ के मद्देनजर राज्य के कुछ हिस्सों की स्थिति पर चर्चा की गई। पीएम ने ट्वीट किया, "स्थिति को कम करने के लिए केंद्र से हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया। सभी की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना।" 

बता दें महाराष्ट्र में कल शाम से ही लगातार बारिश हो रही है, और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। रत्नागिरी के चिपलुन इलाके में लगातार हो रही बारिश के बाद वशिष्ठ नदी पुल का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस खंड पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी तौर पर निलंबित कर दी गई हैं। इसकी वजह से कोंकण रेल मार्ग पर 5,500-6,000 यात्री ट्रेनों में फंस गए। कोंकण रेलवे ने बताया कि चिपलून में बाढ़ की स्थिति के कारण नौ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया, उन्हें गंतव्य से पहले रोका गया है या रद्द कर दिया गया है। इस वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इससे पहले आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आपात बैठक बुलाई और पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश की वजह से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों और NDRF को तैयार रहने और बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। प्रदेश में खास तौर पर रत्नागिरी और रायगढ़ जिले में स्थिति ज्यादा खराब है।