मुंबई: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि सभी के लिए किफायती और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारा साझा लक्ष्य होना चाहिए। वे मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल की ओर से आयोजित ‘Saving Lives and Building a Healthier India’ अभियान के उद्घाटन अवसर पर बोल रही थीं।
सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान
राष्ट्रपति ने निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों से अपील की कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते समय सामाजिक जिम्मेदारी का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि भारत भविष्य में वैश्विक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
तकनीक और एआई का योगदान
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। चिकित्सा के हर क्षेत्र में इनका उपयोग बढ़ रहा है और आने वाले समय में इनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका और अधिक बढ़ने वाली है।
देश में दवा और उपकरण निर्माण पर जोर
राष्ट्रपति ने कहा कि मेड इन इंडिया और PLI जैसी पहलें देश में दवा और चिकित्सा उपकरण के निर्माण को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे आम लोगों को किफायती चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में नागरिकों का स्वस्थ रहना बुनियादी आवश्यकता है।
मुंबई आगमन और स्वागत
राष्ट्रपति दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर मुंबई आईं। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजित पवार और महापौर ऋतु तावड़े ने किया।