जालंधर में लंबा पिंड चौक फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे की वजह से बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण, निवासी गुरु नानकपुरा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शी कपिल ने बताया कि वह हाईवे से गुजर रहे थे, तभी करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एक वेहिकल ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि युवक बाइक सहित करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर गया और तुरंत ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय दुकानदार मनजीत कुमार ने भी बताया कि उन्होंने हादसा अपनी आंखों से देखा और कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना के लगभग एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।