अनमोल रतन सिंह सिद्धू पंजाब के नए महाधिवक्ता होंगे। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले ही अनमोल रतन सिंह सिद्धू की पंजाब के सबसे बड़े कानून अधिकारी एडवोकेट जनरल के पद पर नियुक्ति की गई है। इसकी नोटिफिकेशन भी शीघ्र जारी की जाएगी। सिद्धू को चरणजीत सिंह चन्नी भी पंजाब का महाधिवक्ता बनानना चाहते थे, लेकिन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के विरोध के कारण ऐसा नहीं कर सके।
असिस्टेंट सालिसिटर जनरल आफ इंडिया और पंजाब के एडिशनल एडवोकेट जनरल के पद पर भी कर चुके हैं काम
पंजाब विधानसभा में कांग्रेस की हार के बाद शुक्रवार को पंजाब के एडवोकेट जनरल डीएस पटवालिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पटवालिया को पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के दबाव के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था।
सोमवार को पंजाब सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार पंजाब की नई सरकार ने डाक्टर अनमोल रतन सिंह सिद्धू को पंजाब का नया एडवोकेट जनरल नियुक्त किया है। सिद्धू कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और चन्नी सरकार ने भी एक बार एडवोकेट जनरल पर उनके नाम की घोषणा कर दी थी, लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू के दबाव के चलते नियुक्ति नहीं हुई।
मनमोहन सिंह की केंद्र में सरकार के दौरान अनमोल पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में असिस्टेंट सालिसिटर जनरल आफ इंडिया भी रहे हैं। वह बार काउंसिल के चेयरमैन व पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के आठ बार प्रधान रहे हैं। वह पंजाब के एडिशनल एडवोकेट जनरल के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।