चंडीगढ़ निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बुधवार सुबह मनीमाजरा क्षेत्र का औचक दौरा किया। निरीक्षण के दौरान इलाके में फैली गंदगी, टूट-फूट और खराब रखरखाव देख कर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और कई स्थानों पर तुरंत सुधार के आदेश दिए।

शिवालिक गार्डन का निरीक्षण करते समय भारी गंदगी और बदहाल व्यवस्थाओं को देखकर कमिश्नर ने बागवानी विभाग के एसडीओ रोहित कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों की देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिवालिक गार्डन के बाथरूमों में टूटी सुविधाएं और सफाई की कमी पाई गई। इस दौरे में वार्ड नंबर 5 की पार्षद दर्शना रानी भी शामिल थीं, जिन्होंने बताया कि रखरखाव की कमी से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को परेशानी हो रही है।

इसके बाद पिपली वाला टाउन स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया गया, जहां भी कई अनियमितताएं सामने आईं। पार्षद रानी ने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि नागरिक सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रेलवे लाइन के पास पड़े कूड़े, मलबे और जंगली घास को लेकर भी चिंता जताई गई। पार्षद ने कहा कि इससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ सकते हैं और झाड़ियों में असामाजिक तत्वों के छिपने से सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद रानी ने गुरुकुल स्कूल से रेलवे अंडर ब्रिज तक नई सड़क बनाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि यह सड़क राहगीरों और स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक है। कमिश्नर ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर महंत रामेश्वर गिरी, पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, शाम सिंह, राजबीर सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

पार्षद ने कहा कि वार्ड की जनता को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, कमिश्नर ने अधिकारियों को सभी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।