पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार पर रार थम नहीं रही है। पार्टी के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने अब पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में चन्नी को पार्टी के लिए संपत्ति बताने पर अप्रत्यक्ष तौर पर अंबिका सोनी पर भी तंज कसा। उन्होंने ट्वीट किया कि शुक्र है चन्नी को सीएम बनवाने में अहम भूमिका निभाने वाली नेता द्वारा उन्हें राष्ट्रीय संपति नहीं घोषित किया गया। चन्नी शायद उनके लिए संपति होंगे लेकिन वे पार्टी के लिए दायित्व थे जिनके लालच ने उन्हें और पार्टी को चुनाव में नीचे ला दिया। 

हालांकि बाद में उन्होंने इस पर स्पष्टीकरण दिया और कहा कि मेरे ट्वीट का आइडिया किसी पर कुछ भी आरोप लगाने का नहीं है। सीडब्ल्यूसी में जिस तरह की चाटुकारिता हुई, उसे देखकर निराशा हुई। रिपोर्ट से पता चलता है कि कुछ नेता जो 30 साल तक राज्यसभा सांसद रहे हैं, वे सीडब्ल्यूसी में पंजाब की आवाज होने का दावा कर पार्टी आलाकमान को धोखा दे रहे हैं।

जाखड़ ने कहा कि सीएम पद के लिए चन्नी के नाम की सिफारिश इन्हीं लोगों ने की थी। इसे मानने के बजाय राहुल गांधी पर थोपने की कोशिश की जा रही है। पंजाब के लोग बदलाव चाहते थे, लेकिन जिस व्यक्ति को आगे लाया गया, वह तिल में हाथ डालकर फंस गया। यह बदतर उपाय था। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी ऐसे व्यक्ति को चाहते हैं जिस पर वे विश्वास कर सकें। सीडब्ल्यूसी में बैठा एक पंजाबी नेता उन्हें राष्ट्रीय खजाने के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है। वह उनके लिए खजाना हो सकते हैं लेकिन कांग्रेस के लिए नहीं। अगले 5 साल पंजाब और पार्टी के लिए चुनौतीपूर्ण होंगे। 

रविवार को हुई थी सीडब्ल्यूसी की बैठक

पांच राज्यों में मिली करारी हार पर रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में मंथन हुआ था। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि पार्टी ने उनसे संगठनात्मक चुनाव पूरे होने तक पार्टी की कमान संभालने का आग्रह किया था। 

रंधावा ने सिद्धू पर साधा था निशाना

विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ सरेआम बगावत का बिगुल बजा दिया था। रंधावा का कहना है कि सिद्धू ने ही पंजाब में कांग्रेस का कत्ल किया है और पार्टी हाईकमान ने सिद्धू को पार्टी से न निकालकर बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू में अगर नैतिकता होती तो वह नतीजों के बाद ही अपना इस्तीफा दे देते।

कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री के पद से हटाने में अहम भूमिका अदा करने वाले सुखजिंदर सिंह रंधावा का कहना है कि सिद्धू पर कभी कांग्रेस का कल्चर आया ही नहीं और न ही उन्होंने कभी पार्टी के कार्यकर्ताओं को समझा। उन्होंने कहा कि राहुल और हाईकमान भी सिद्धू पर लगाम नहीं लगा सके जिसका खामियाजा पंजाब में कांग्रेस भुगत रही है।