प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर सहित कुल 11 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
ईडी की यह छापेमारी आरोपियों, उनके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़े ठिकानों पर की जा रही है। चंडीगढ़ में 2, लुधियाना में 5, पटियाला में 2, नाभा और जालंधर में 1-1 स्थान पर तलाशी ली जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध से अर्जित संपत्तियों का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत जुटाना है।
यह कार्रवाई सीबीआई की चंडीगढ़ यूनिट द्वारा दर्ज मूल आपराधिक मामलों के आधार पर की जा रही है। इन मामलों में एक बिचौलिए के जरिए अवैध रिश्वत की मांग और आय से अधिक संपत्ति पाए जाने के गंभीर आरोप शामिल हैं।
गौरतलब है कि हरचरण सिंह भुल्लर पंजाब पुलिस में रोपड़ रेंज के तत्कालीन डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात थे। उन्हें सीबीआई ने अक्टूबर 2025 में एक कबाड़ व्यापारी से कथित रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था।