लुधियाना में दुष्कर्म पीड़िता 11 वर्षीय बच्ची ने एक बच्चे को जन्म दिया है। आरोपित ने कई महीनों तक इस मामले को दबाने की कोशिश की लेकिन अंत में यह उजागर हो ही गया। थाना कूमकलां की पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान दर्ज कर शशिकांत नाम के युवक के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपित फरार है। थाना प्रभारी रणबीर सिंह ने बताया कि पीडि़ता बच्ची के माता-पिता मजदूरी करते हैं।

एक फैक्ट्री के अंदर उन्हें रहने के लिए जगह मिली हुई है। पास की एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक शशिकांत ने 11 वर्षीय बच्ची को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपित ने उसे धमकाते हुए मुंह बंद रखने को कहा।

जब बच्ची के परिवार को शक हुआ तो उन्होंने अपनी पहचान की एक महिला को बुलाकर बेटी से बात करवाई। इसमें बच्ची ने पूरी बात बता दी। वह महिला बच्ची को अपने घर ले गई। परिवार ने आरोप लगाया कि उस महिला ने भी आरोपित के साथ मिलकर इस बात का छिपाने की कोशिश की।

इसके बाद शनिवार को उन्होंने थाना कूमकलां की पुलिस के पास फिर शिकायत की। सोमवार को बच्ची को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया।