आम आदमी पार्टी के सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को गुरुवार सुबह एक संदिग्ध फोन कॉल आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। सांसद ने दावा किया कि कॉल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को शिकायत देकर जांच की मांग की है।

डॉ. चब्बेवाल के अनुसार, सुबह करीब 8:45 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह गृह मंत्री अमित शाह से बात करा रहा है। इसके बाद फोन पर एक अन्य व्यक्ति ने खुद को अमित शाह बताते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनकी वर्तमान लोकेशन के बारे में पूछा।

सांसद ने बताया कि उन्होंने जवाब में कहा कि वह उस समय होशियारपुर में मौजूद हैं। इस पर कथित रूप से अमित शाह बताने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि जब वे दिल्ली आएं तो उनसे मुलाकात करें।

हालांकि बातचीत के दौरान ही सांसद को संदेह हो गया क्योंकि कॉल करने वाले की आवाज और बातचीत का तरीका गृह मंत्री अमित शाह से मेल नहीं खा रहा था। इसके अलावा कॉल किसी आधिकारिक नंबर से भी नहीं आई थी।

स्थिति को संदिग्ध मानते हुए डॉ. चब्बेवाल ने तुरंत होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और कॉल से जुड़ी पूरी जानकारी और नंबर जांच के लिए सौंप दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी टीम कॉल डिटेल्स और नंबर की जांच कर रही है ताकि कॉल करने वाले की पहचान की जा सके। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।