पंजाब में CM भगवंत मान की अगुवाई वाली AAP सरकार ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया है। सरकार बनने के बाद न तो नई सरकारी नौकरियां मिली और न ही कॉन्ट्रैक्ट वाले कर्मचारियों को पक्का किया गया। इसके बावजूद मान सरकार ने कच्चे कर्मचारियों का सेवा काल एक साल यानी 31 मार्च 2023 तक बढ़ाने का फरमान जारी कर दिया है। इस संबंध में सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नर और संबंधित विभागों के प्रमुखों को पत्र भेज दिया गया है।
इस पत्र में लिखा गया है कि अगर किसी कॉन्ट्रैक्ट वाले पद पर रेगुलर भर्ती में समय लगता है तो उनका सेवा काल बढ़ा दिया जाए। अगर विभाग को जरूरत हो तो भी यह फैसला लिया जा सकता है। पत्र में लिखा गया कि इन कर्मचारियों की सेवा में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का कानून लाने तक बढ़ोतरी की जा सकती है। यह भी कहा गया है कि कई विभागों में कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों की जगह रेगुलर भर्ती नहीं की गई है। इसलिए अगर रेगुलर भर्ती में समय लगता हो तो कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा दिया जाए।
पंजाब में सरकार बनने पर CM भगवंत मान ने ऐलान किया था कि उनकी सरकार 25 हजार सरकारी नौकरी देगी। एक महीने के भीतर इसका विज्ञापन जारी हो जाएगा। इस बाबत कैबिनेट मीटिंग में भी फैसला हो गया। वहीं कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे 35 हजार कर्मचारी पक्के करने का ऐलान किया गया था। हालांकि इस संबंध में ऐलान से बढ़कर आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई है।