तरनतारन। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों ने शुक्रवार को दो पाकिस्तानी नागरिकों को भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते हुए हिरासत में ले लिया। दोनों व्यक्ति एक वैन में सवार थे और सीमा क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूमते पाए गए।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बीएसएफ की 142वीं बटालियन द्वारा गांव वां तारा सिंह के पास नियमित गश्त के दौरान की गई। जवानों ने एक सफेद रंग की वैन को अमरकोट की ओर से भारतीय सीमा में प्रवेश करते देखा, जिसके बाद उसे पिलर नंबर 140-1 और 141-20 के बीच रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान वैन में मौजूद दो लोगों को हिरासत में लिया गया। बाद में उनकी पहचान मोहम्मद सलीम (60) और आमिर नवाज (40), निवासी लाहौर (पाकिस्तान) के रूप में हुई है।
पुलिस को सौंपे गए आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ के बाद बीएसएफ ने दोनों को थाना खालड़ा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में खुद को एक सामाजिक संगठन से जुड़ा बताते हुए कहा कि वे बच्चों के लिए किताबें वितरित करने आए थे और गलती से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि उनके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।