जयपुर। राजस्थान में दलितों के खिलाफ हो रहे अत्याचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा। इसके साथ ही भाजपा ने जयपुर में शनिवार को गहलोत सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि प्रदेश अपराधी और चरमपंथी आज़ाद घूम रहे हैं।
आतंकियों का अड्डा बन चुका राजस्थान
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में अपराधी, चरमपंथी आज़ाद घूम रहे हैं। राज्य में साधू-संतों को मारा जा रहा है, महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहे हैं और अपराधी पकड़ में नहीं आ रहे हैं और मुख्यमंत्री इन घटनाओं को छोटा बता रहे हैं। राजस्थान आतंकियों का अड्डा बन चुका है। आपको बता दें कि गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन से यहां कोई मां-बेटी सुरक्षित नहीं है।
विनाश की राह पर राजस्थान
उन्होंने गहलोत का जंगलराज हैशटैग के साथ एक ट्वीट में लिखा कि इसके तहत राजस्थान विनाश की राह पर है। कांग्रेस के कुशासन से यहां कोई मां-बेटी सुरक्षित नहीं है। आम आदमी दर्द में है क्योंकि सरकार ने अपराधियों, माफियाओं और चरमपंथियों को खुली छूट दी है। हम इस दमनकारी सरकार को लोगों के जीवन को नर्क नहीं बनाने देंगे।