जैसलमेर बस हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। घायल हुए यात्रियों का इलाज जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में जारी है। शनिवार को राजस्थान के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति और उपचार की जानकारी ली और इलाज की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।

मंत्री पटेल ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा घटना की रात मौके पर पहुंचकर घायलों से मिले और संवेदनाएं व्यक्त की थीं।

जोगाराम पटेल ने बताया कि कुछ मरीजों को गंभीर जलन है, जबकि बाकी मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता पैकेज जारी किया है और आगे भी मदद सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान मंत्री ने दीपावली के अवसर पर स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य और न्याय की विजय का प्रतीक है और देश को मजबूत बनाने के लिए आत्मनिर्भरता अपनानी होगी।

वहीं, मंत्री ने बाजारों की रौनक का भी जिक्र किया और कहा कि आर्थिक राहत और जीएसटी में छूट के चलते आमजन और व्यापारी दोनों दीपावली की खरीदारी में उत्साहित हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी नीतियों से आमजन का जीवन स्तर सुधरा है और बाजारों में उत्साह का माहौल है।