समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित मुजफ्फरनगर दौरे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री से मेरठ के व्यापारियों और पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात करने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब मुख्यमंत्री मुजफ्फरनगर जा रहे हैं, तो उन्हें मेरठ के व्यापारियों से भी मिलना चाहिए या उन्हें वहीं बुला लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि जब इतनी गाड़ियों के जरिए भीड़ जुटाई जा रही है, तो दुखी परिवारों को भी बुलाया जा सकता है।
सपा प्रमुख ने मेरठ और मुजफ्फरनगर के बीच की दूरी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों शहरों के बीच ज्यादा दूरी नहीं है, ऐसे में मुख्यमंत्री चाहें तो आसानी से दोनों जगहों के लोगों से संवाद कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री मंच से केवल एकतरफा भाषण देंगे या जनता की समस्याएं भी सुनेंगे। अपने बयान के अंत में उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा, “तुम्ही ने दर्द दिया है, तुम्ही दवा देना!”
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मुख्यमंत्री का मुजफ्फरनगर दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। विपक्ष इसे लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है।