श्रीगंगानगर:जिले में सड़क किनारे बेहोश पाए गए प्राइवेट स्कूल के नवविवाहित शिक्षक आशीष कुमार की मौत अब सुनियोजित हत्याकांड बन गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी और वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी श्रीगंगानगर, डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 30 जनवरी की रात लगभग 9 बजे रावला थाना क्षेत्र के गांव 01 केएलएम की सड़क पर आशीष (27) और उसकी पत्नी अंजली (23) बेहोश हालत में पाए गए। दोनों को रावला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित किया। शुरू में यह मामला सड़क हादसा या लूटपाट का प्रतीत हो रहा था, लेकिन गहन जांच में पूरी साजिश उजागर हुई।
मृतक आशीष कुमार, गांव 01 केएलएम का निवासी था और उसने तीन महीने पहले अंजली से शादी की थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद अंजली मायके चली गई और अपने पुराने प्रेमी संजय उर्फ संजू (25) से संपर्क साधा। आशीष को हटाने के लिए अंजली ने अपने प्रेमी और उसके साथियों रोहित उर्फ रॉकी (20) और बादल उर्फ सिद्धार्थ (20) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
योजना के अनुसार, अंजली ने रात में आशीष को घूमने के लिए बुलाया और उन्हें सुनसान सड़क पर ले गई। वहां छिपे आरोपियों ने अंजली के इशारे पर लाठी-डंडों से हमला किया। आशीष बेहोश हो गया, फिर मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद अंजली ने आशीष का मोबाइल और अपने झुमके आरोपियों को दे दिए ताकि घटना लूटपाट या सड़क हादसे का रूप ले सके। खुद अंजली भी बेहोशी का नाटक करती रही। आशीष के चाचा बजीर चंद ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे और उसकी पत्नी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। लेकिन पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने पर पुलिस को शक हुआ और जांच में पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।