पाली शहर के निकट सोजत हाइवे पर एक कार असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार नाना-दोहिता की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं सहित चार जने घायल हो गए। घायलों को पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी विक्रम सांदू ने बताया कि अजमेर के गांव माकुपरा आदर्श नगर का रहने वाला एक परिवार रविवार रात 11 बजे कार और मोटरसाइकिल से ओम बन्ना के दर्शन के लिए आया था। दर्शन के बाद सोमवार सुबह 6 बजे वापस रवाना हुआ था। पाली-सोजत हाइवे पर सुबह करीब 7 बजे एक फॉर्म हाउस के पास कार पलट गई।

हादसे में माकपुरा निवासी दीपक (30) पुत्र प्रेम सिंह रावत और भैरू सिंह रावत (55) की मौत हो गई। हादसे में गौरव रावत (22) पुत्र भैरूसिंह रावत, सम्पति (30) पुत्री भैरूसिंह रावत, सुमन (19) पुत्री प्रेम सिंह रावत और मंजू रावत (45) पत्नी प्रेम सिंह रावत घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों और शवों को बांगड़ अस्पताल पहुंचाया।

तीन युवक बाइक पर थे
बाइक पर परिवार का एक लडक़ा और बाकी दो दोस्त थे। युवकों ने बताया कि वे कार के पीछे चल रहे थे। अचानक उनकी आंखों के सामने कार असंतुलित होकर पलट गई।

मृतक रिश्ते में थे नाना-दोहिता
पुलिस ने बताया कि मृतक दीपक और भैरूसिंह रावत रिश्ते में नाना और दोहिता थे। कार दीपक चला रहा था और भैरूसिंह उसके पास वाली सीट पर बैठे थे। दीपक की मां भी कार में सवार थी। वह हादसे में गंभीर घायल हो गई। सूचना पर अजमेर से परिजन मौके पर पहुंचे। शव परिजनों को सौंप दिए गए।

मृतक के पिता थे सेन्यकर्मी
दीपक ने 12वीं कक्षा पास कर ली थी। वह अब सैना में जाने की तैयारी कर रहा था। मृतक दीपक के पिता प्रेम सिंह भी सेना में थे।