कांग्रेस के नव संकल्प चिंतन शिविर का आगाज शुक्रवार को अल सुबह तब हो गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी मेवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन से उदयपुर आ गए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राजस्थान प्रभारी अजय माकन, सीडब्ल्यूसी मेम्बर रघुवीर मीणा समेत तमाम नेताओं ने उनकी अगुवाई की। सुरक्षा के लिहाज से रेलवे स्टेशन के अंदर कुछ लोगों को ही जाने दिया गया। बाकी कार्यकर्ताओं को बैरिकेड लगाकर कतार में खड़ा कर दिया। इससे पहले दिल्ली से निकलते वक्त रेलवे स्टेशन पर राहुल गांधी ने कुलियों से बात की और उनकी समस्याएं जानीं।
राहुल गांधी ठीक 7:47 बजे चेतक एक्सप्रेस से उदयपुर के सिटी रेलवे स्टेशन पर उतरे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पायलट व माकन ने राहुल गांधी का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। राहुल गांधी मुख्यमंत्री के साथ स्टेशन से बाहर आए। राहुल के साथ अन्य नेता भी थे। स्टेशन के बाहर तिरंगा झंडा लेकर खड़े कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। राहुल व अन्य नेता एसी बस में सवार हुए और सीधे होटल अरावली ताज के लिए रवाना हो गए।