पाली की सोजत थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गैंग के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये शातिर चोर बसों में अकेली सफर कर रही महिलाओं को बातों में उलझा कर उनका सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस आरोपियों से चोरी के माल के बारे में पूछताछ कर रही है।
पाली एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि 27 जनवरी 2022 को सांडिया निवासी तुलसी देवी देवासी ने सोजत सिटी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह रोडवेज बस में बैठकर अपने पीहर शादी में जा रही थी। उसके पास एक बैग में 45 तोले सोना और चांदी के जेवरात रखे हुए थे। उसके पास खड़े चार पांच व्यक्तियों ने उसका बैग सीट के ऊपर की जाली पर रखवा दिया। बाद में पीहर आकर चेक किया तो उसमें से जेवरात नदारद थे। रिपोर्ट पर थाना सोजत सिटी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किया गया।
एसपी दुष्यंत ने बताया कि इन वारदातों के खुलासे के लिए थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में थाना सोजत सिटी से एक विशेष टीम गठित की गई। गठित विशेष टीम ने साइबर सेल के सहयोग से इस अंतर राज्य गैंग के छह आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया। इस गैंग की गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल गौतम आचार्य की मुख्य भूमिका रही।