राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मंगलवार दोपहर आजाद नगर में बारिश के कारण एक तीन मंजिला मकान धराशायी हो गया। मलबे में एक महिला के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना से बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल है। सूचना पर कलेक्टर आशिष मोदी सहित अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। एसडीआरएफ की टीमें महिला को तलाशने का प्रयास कर रहीं हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर में बारिश रुकने के बाद आजाद नगर स्थित सुरेश पुत्र मांगीलाल शर्मा का तीन मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। इस दौरान मकान में कमला देवी (60) अकेली थीं। उनके मलबे में होने की आशंका है। मकान गिरने के बाद लोगों ने बचाव के लिए प्रयास शुरू किए और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद कलेक्टर आशीष मोदी, एसपी आदर्श सिद्धू, एडीएम, एएसपी, डीएसपी, एसडीआरएफ की टीम और प्रताप नगर पुलिस मौके पर पहुंची।

एसडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रताप नगर थाने के दीवान कान्हाराम प्रजापत ने बताया कि मांगीलाल शर्मा की पत्नी कमला हादसे के समय घर में अकेली थीं। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। कमला को जल्द से जल्द तलाशने का प्रयास कर रहे हैं।