भजनलाल सरकार ने राजेंद्र प्रसाद को राजस्थान का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। राजभवन ने शनिवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी है। राजभवन द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्यपाल कलराज मिश्र ने प्रसाद की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

बता दें कि राजस्थान में दिसंबर में सरकार बदल गई थी। तभी से लेकर करीब दो महीने तक महाधिवक्ता का पद खाली था। राजेंद्र प्रसाद राज्य के महाधिवक्ता के रूप में एमएस सिंघवी का स्थान लेंगे।

ये नाम थे चर्चा में
महाधिवक्ता पद के लिए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल आरडी रस्तोगी, पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता जीएस गिल, राजेंद्र प्रसाद, जगमोहन सक्सेना, एसके गुप्ता, अरणेश्वर गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता आरके अग्रवाल, शिव कुमार व्यास, राजेश पवार, कांतिलाल ठाकुर, नाथू सिंह राठौड़, बंसीलाल भाटी, ओम प्रकाश बूब, श्याम पालीवाल के अलावा पूर्व राजकीय अधिवक्ता बी संधू और पूर्व सहायक सॉलिसिटर जनरल बसंत छाबा के नाम सहित कुछ अन्य अधिवक्ताओं की दावेदारी की चर्चाएं चल रही थीं।

दो दिन पहले हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई थी फटकार
दो दिन पहले जोधपुर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए सरकार से महाधिवक्ता और अतिरिक्त महाधिवक्ता की नियुक्ति को लेकर पांच फरवरी तक जवाब मांगा था। सरकार ने शनिवार को एडवोकेट जनरल की नियुक्ति कर दी है। सीनियर अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद पदानुक्रम से प्रदेश के 19वें महाधिवक्ता बने हैं। वह नागौर जिले की परबतसर तहसील के रीड गांव से ताल्लुक रखते हैं।