जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में शुक्रवार देर रात अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। मस्जिद से जुड़े एक स्थानीय विवाद के दौरान उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया, जिससे कई जवान घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ लाठीचार्ज करना पड़ा। सख्त कार्रवाई के बाद कुछ घंटों में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम से मस्जिद परिसर के पास सड़क किनारे लंबे समय से पड़े पत्थरों को हटाने का काम चल रहा था। ये पत्थर आबादी वाले इलाके में यातायात में बाधा बन रहे थे और बार-बार जाम की समस्या पैदा कर रहे थे। कार्रवाई का कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके चलते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने किया पथराव
विरोध के बीच अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर भारी पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का प्रयोग किया और लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन कमिश्नर राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार और मनीष अग्रवाल मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं कमान संभालते हुए हालात को शांत कराया।
बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्र में कड़ा पुलिस पहरा
घटना के बाद एहतियातन चौमूं बस स्टैंड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र को पुलिस निगरानी में रखा गया है और लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
शांति बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संभागीय आयुक्त के आदेश पर चौमूं क्षेत्र में 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।