मथुरा के मांट-पानीगांव रोड पर खंड खेड़ा के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक पानीगांव की ओर से बाइक चला रहा था। इसी दौरान मांट की तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि युवक का शव दो हिस्सों में बंट गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे उसमें भरी ईंटें सड़क पर फैल गईं।

हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक की पहचान सौर गुद्दर गांव के हरिओम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।