बिछवां (मैनपुरी)। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की एक महिला की ईमानदारी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव देवगंज निवासी सीता देवी के बैंक खाते में अचानक करीब 10 करोड़ रुपये की राशि दिखाई दी, लेकिन उन्होंने इस पर हाथ लगाने के बजाय सच्चाई सामने आने तक पैसे नहीं निकालने का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को सीता देवी अपने बेटे के साथ बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा में खाता चेक कराने पहुंचीं। खाते में बैलेंस देखकर वे चौंक गईं, जिसमें 9,99,49,588 रुपये दिख रहे थे। भरोसा न होने पर उन्होंने दोबारा जांच की और वही रकम दिखाई देने पर इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि यह पैसा उनका नहीं है और जिसका भी है, वह उसे वापस ले जाए। उनकी इस ईमानदारी की लोगों ने जमकर सराहना की और वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
जांच में सामने आई तकनीकी गड़बड़ी
मामला बढ़ने पर यह वीडियो रिजर्व बैंक तक पहुंचा, जिसके बाद बैंक ऑफ इंडिया को जांच के निर्देश दिए गए। शाखा प्रबंधक गांव पहुंचकर खाते की जांच की, जिसमें किसी भी प्रकार का संदिग्ध लेन-देन नहीं पाया गया।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि खाते में दिखाई दे रही भारी रकम किसी वास्तविक जमा राशि की नहीं, बल्कि तकनीकी कारणों से सिस्टम में दर्ज ‘लियन’ की वजह से दिख रही थी। फिलहाल खाते में वास्तविक बैलेंस करीब 61 हजार रुपये है।
ईमानदारी बनी मिसाल
सीता देवी ने परिवार को भी स्पष्ट कर दिया था कि जब तक पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक खाते से एक भी रुपया नहीं निकाला जाएगा। उनकी इस ईमानदारी की अब हर ओर सराहना हो रही है और लोग इसे एक मिसाल के रूप में देख रहे हैं।