लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नए कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 हजार से नीचे आ चुका है. प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 727 नए मामले सामने आए हैं. जबकि इस दौरान 860 लोग कोरोना से ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं. हालांकि इस दौरान 81 की मौत हो गई. प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या घटकर 15,681 रह गई है.
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि यूपी में 30 अप्रैल के बाद से रोज संक्रमण और एक्टिव केस में कमी आ रही है. प्रदेश में कोरोना से रिकवरी दर भी बढ़कर 97.08 प्रतिशत हो गई है. प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 16 लाख 22 हजार 900 से ज्यादा सैंपल की जांच की जा चुकी है.
3 शहरों में ही रह गया कोरोना कर्फ्यू
कोरोना संक्रमण के मामलों में आने वाली कमी का असर कोरोना कर्फ्यू पर भी दिख रहा है. 600 से कम सक्रिय मामले होते ही सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा करते हुए सहारनपुर को भी छूट देने का निर्देश दिया. अब सिर्फ लखनऊ, गोरखपुर और मेरठ में ही 600 से अधिक सक्रिय केस होने की वजह से कोरोना कर्फ्यू लागू है.
अगले 3 महीनों में होगा 10 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन
यूपी में टीकाकरण की रफ्तार को तेज करते हुए अगस्त तक 10 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन किया जाए. ज्यादा केस लोड वाले जिलों को चिन्हित कर वहां अभियान चलाकर 100 फीसद टीकाकरण कराया जाएगा. प्रदेश में कोरोना वैक्सीन 2 करोड़ से अधिक डोज लगाई जा चुकी हैं. 18 से 44 वर्ष तक के आयु वर्ग में भी 30 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है. यूपी की बड़ी जनसंख्या को देखते हुए वैक्सीनेशन अभियान को रफ्तार देने की जरूरत है.