लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। सऊदी अरब के जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर आ रहे विमान के लैंडिंग के दौरान अचानक पहियों से धुआं और चिंगारी निकलने लगी। पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए विमान को रोका और स्थिति की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी।

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी 3112 रविवार सुबह लगभग 6:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी। विमान शनिवार रात करीब 11:30 बजे जेद्दा से रवाना हुआ था। फ्लाइट में लगभग 250 यात्री सवार थे। सौभाग्यवश किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

तेजी से पहुंची फायर टीम, स्थिति पर पाया काबू

चिंगारी और धुआं उठते देख पायलट ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोम और पानी का छिड़काव कर लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद हालात पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

यात्रियों ने सुरक्षित निकलने के बाद राहत की सांस ली। फिलहाल, इस तकनीकी खराबी की जांच के आदेश दिए गए हैं।