बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां श्यामगंज फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे की चपेट में आने से उसकी गर्दन बुरी तरह कट गई।

घायल किशोर की पहचान प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे वीर सिंह गंगवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के पुत्र हैं।

स्कूटी से जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार वीर सिंह सोमवार को स्कूटी से कहीं जा रहे थे, तभी अचानक फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। इससे वे संतुलन खो बैठे और स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मंत्री मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार पीलीभीत से तुरंत बरेली पहुंचे और अस्पताल में भर्ती अपने भतीजे का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी भी ली।

मंत्री ने कहा कि चाइनीज मांझा पहले से ही प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इसका खुलेआम इस्तेमाल होना बेहद चिंताजनक है।

प्रशासन सख्त, जांच के निर्देश

इस मामले पर मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने की बात कही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी मामले की जांच और कार्रवाई की बात कही है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बाजार में कैसे पहुंच रहा है, इसकी गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पहले भी ऐसे मामलों में कई दुकानदारों पर कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इसका अवैध कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो सका है।