लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके विक्रमादित्य आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री पहुंचे। यादव परिवार के सदस्य भी इस मौके पर मौजूद रहे।
सुबह करीब सवा 12 बजे पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठधाम ले जाया गया। इससे पहले परिवार के सदस्यों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान प्रतीक यादव की बेटी प्रथमा और पत्नी अपर्णा यादव भावुक हो गईं। अपर्णा यादव अंतिम विदाई के समय फूट-फूटकर रो पड़ीं, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की मौत हृदयगति रुकने और फेफड़ों में खून का थक्का बनने के कारण हुई। वह अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके निधन की खबर मिलने के समय अपर्णा यादव मुंबई में थीं, जो सूचना मिलते ही तुरंत लखनऊ पहुंचीं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को घर लाया गया और फिर अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठधाम ले जाया गया।
अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिनमें राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े कई लोग शामिल थे, जिन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।