बहराइच: प्रेम प्रसंग से नाराज एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना सोमवार देर रात भगतापुर गांव में सामने आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी के शव को कब्जे में लिया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हरदेव प्रसाद की 17 वर्षीय बेटी संगीता का गांव के ही आजाद खां नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। मृतका की मां लीलावती ने बताया कि करीब दो महीने पहले संगीता अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने उस समय किशोरी को बरामद कर युवक को गिरफ्तार किया था और जेल भेज दिया गया था। बाद में कोर्ट के आदेश पर संगीता को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
फिर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि युवक हाल ही में जेल से रिहा होकर गांव लौटा था, जिसके बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया। ग्रामीणों के अनुसार, संगीता फिर से युवक के संपर्क में थी और उसके साथ जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद हो रहा था।
वारदात कैसे हुई
सोमवार रात करीब 1 बजे संगीता घर के बरामदे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पिता हरदेव प्रसाद ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। सुबह जब मां लीलावती ने बेटी को मृत देखा तो वह चीख पड़ी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी करुणाकर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और सीओ हर्षिता तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मां लीलावती की तहरीर पर आरोपी पिता हरदेव प्रसाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।