जनपद बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। 24 वर्षीय शिवांकर, जो मुरादाबाद में नाबार्ड की परीक्षा देने जा रहे थे, उनकी मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में शिवांकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया।
नगीना का रहने वाला था मृतक
मृतक शिवांकर नगीना की आंबेडकर कॉलोनी का निवासी था। उनके ताऊ जयपाल भारती ने बताया कि शिवांकर सुबह करीब 6 बजे परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे तय था। चकसहजानी के पास फोरलेन पर यह हादसा हुआ।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिवांकर दो भाइयों में बड़े थे और उनका छोटा भाई मात्र छह साल का है। मां शीतल भारती ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में होनहार और आज्ञाकारी था। उन्होंने कहा कि अगर वह परीक्षा देने नहीं जाता तो शायद आज जिंदा होते। पिता सुरेंद्र भारती नगीना मुख्य डाकघर में पोस्टमैन हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।