बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। गांव अकबरपुर तिगरी स्थित ईदगाह के पास लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार युवक और उसकी चार साल की बेटी की मौके पर ही जान चली गई, जबकि युवक की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस के मुताबिक हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठा निवासी हारून (28) अपनी मां अनीसा और बेटी मेहरून (4) के साथ चांदपुर दवा लेने गया था। शाम करीब सात बजे तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तिगरी गांव के पास आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पार करने की कोशिश के दौरान हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर जरूरत से ज्यादा लदा हुआ था। ओवरलोड होने के कारण अचानक उसका अगला हिस्सा ऊपर उठ गया और संतुलन बिगड़ गया। कुछ ही पलों में ट्रैक्टर दोबारा नीचे गिरा और उसी समय बगल से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हारून और उसकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनीसा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद जाम खुलवाया।

सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया गया है। यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर लापरवाही और ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या को उजागर करता है।