चंडीगढ़ के सेक्टर-41 स्थित बुटेरला गांव में बुधवार दोपहर 1:30 बजे एक घर में देवर और भाभी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय नगमा और 24 वर्षीय मुरसलीन के रूप में की गई है। दोनों मूल रूप से बिजनौर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना मकान संख्या 30/1 में हुई।

जानकारी के अनुसार, नगमा के पति फरमान इस समय बिजनौर में मकान निर्माण के कार्य में व्यस्त थे, जबकि नगमा और उसका भाई मुरसलीन घर में रह रहे थे। मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि जब वह घर पहुंचे, तो नगमा बिस्तर पर पड़ी हुई मिली, वहीं मुरसलीन कमरे की छत में लगे हुक से फंदे पर लटका हुआ था।

सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को जीएमएसएच-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थाना सेक्टर-39 के एसएचओ भी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठा किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का रूप लेता दिखाई दे रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद ही चलेगा। नगमा के दो छोटे बच्चे हैं। चार साल का बेटा और तीन साल की बेटी, जबकि मुरसलीन अविवाहित था।