बिजनौर। पुलिस ने शहर में अपहरण और फिरौती के मामलों में सक्रिय गिरोह पर कड़ा शिकंजा कसा है। बिजनौर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत दस आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल सभी आरोपी जमानत पर जेल से छूटे हुए हैं।
शहर कोतवाल रामप्रताप ने बताया कि लीडर सार्थक उर्फ रिक्की चौधरी और उनके गिरोह के सदस्य लवी उर्फ सुशांत, आकाश उर्फ गोला, अंकित उर्फ पहाड़ी, अर्जुन कर्णवाल, अजीम अहमद, सबुद्दीन उर्फ सैबी, शुभम, शिवा और शशांक पर कार्रवाई की गई है। यह गिरोह आर्थिक लाभ के लिए अपहरण और फिरौती जैसी घटनाओं में लिप्त था।
इवेंट की आड़ में अपहरण और वसूली
20 नवंबर 2024 को आरोपियों ने अभिनेता मुश्ताक खान को किसी कार्यक्रम के बहाने दिल्ली से बुलाकर बिजनौर ले गए। मुश्ताक को नई बस्ती में लवी उर्फ सुशांत के मकान में रखा गया और धमकाकर 2.20 लाख रुपये की वसूली की गई। मामले की शिकायत मुश्ताक खान ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई थी।
इसके बाद, 2 दिसंबर को कॉमेडियन सुनील पाल का अपहरण कर उनसे 8 लाख रुपये की फिरौती वसूली गई। मेरठ के थाना लालकुर्ती में दर्ज मामले के बाद पुलिस ने नौ आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।
एसपी का बयान
बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कहा कि मुश्ताक खान और सुनील पाल के अपहरण के मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और सभी आरोपी वर्तमान में जांच के दायरे में हैं।