बिजनौर। नजीबाबाद-रायपुर सादात मार्ग पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना भारत गैस एजेंसी के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर मोपेड को भी अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, कोटकादर गांव निवासी 24 वर्षीय धर्म सिंह ई-रिक्शा लेकर नजीबाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में वाहन में तकनीकी खराबी आने पर उसमें सवार भदौला गांव निवासी 32 वर्षीय राजकुमार नीचे उतरकर ई-रिक्शा को धक्का देने लगा। इसी दौरान सामने से आ रही तेज गति की कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रही मोपेड भी कार की चपेट में आ गई।
हादसे में ई-रिक्शा को धक्का दे रहे राजकुमार के अलावा मोपेड सवार बढ़ापुर निवासी 50 वर्षीय राजू और उनकी 25 वर्षीय बेटी अंशू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ई-रिक्शा चालक धर्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।