बिजनौर। कश्मीर में काम के लिए गए एक युवक विशाल के धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई है। आरोप है कि सैलून में काम करने वाले विशाल ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम ‘हमजा’ रख लिया है। मामले की जांच के लिए बिजनौर पुलिस की टीम मंगलवार शाम कश्मीर के कुपवाड़ा पहुंच गई।

एसपी अभिषेक झा के निर्देश पर गठित दो पुलिस टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं। पुलिस स्थानीय कुपवाड़ा पुलिस के संपर्क में रहकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है ताकि संबंधित युवक तक पहुंचा जा सके और सच्चाई का पता लगाया जा सके।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

परिजनों के अनुसार, गांव काजीवाला निवासी वसीम के साथ विशाल लगभग तीन साल पहले कश्मीर काम के लिए गया था। आरोप है कि 15 मई को उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। इस संबंध में वसीम और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। यह वीडियो कथित तौर पर कश्मीर के गांदरबल जिले की एक मस्जिद का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक को धार्मिक रीति-रिवाजों के तहत नया नाम ‘मोहम्मद हमजा’ दिया जाता दिखाई दे रहा है। एक अन्य वीडियो में उसे फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए भी दिखाया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कश्मीर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

भाजपा नेता की अपील

इसी बीच भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने वीडियो कॉल के जरिए विशाल के माता-पिता से बातचीत कराई और खुद भी उससे संपर्क किया। बातचीत के दौरान विशाल एक बाइक पर बैठा हुआ नजर आया। भाजपा नेता ने उसे घर लौटने की अपील की, हालांकि युवक ने वापस आने से इनकार कर दिया।