बलिया जिले के रानीगंज बाजार में बुधवार शाम एक घर से जनरल स्टोर संचालक रवि गुप्ता (30) का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसी कमरे में पुलिस को दो दिन से लापता रेखा नामक किन्नर का शव भी बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर और सीओ फहीम कुरैसी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, रवि गुप्ता ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जब परिजन दरवाजा नहीं खोल पाए, तो उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से ताला तोड़कर अंदर देखा। तब कमरे में फंदे से लटका रवि गुप्ता का शव देखा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने व्यापारी की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर पुलिस को कमरे में रखे बक्से में रेखा का शव मिला, जो दो दिन से लापता थी।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि रेखा के पास नकदी और आभूषण होने के कारण उसकी हत्या की गई और शव को बक्से में छिपा दिया गया।
सीओ फहीम कुरैसी ने बताया कि दोनों शव एक ही घर से बरामद हुए हैं। मामले की गहन जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचा नहीं गया है।