कानपुर। प्राणि उद्यान में सैलानियों संग आने वाले बच्चे तितलियों को देखकर उत्साहित हो जाते थे। अक्सर देखा जाता था बच्चे फुदक फुदक उड़ रही तितलियों की पीछे पीछे अभिभावकों से अलग हो जाते थे। इसको देखते हुए प्राणि उद्यान काफी दिनों से तितली पार्क बनाने की कवायद कर रहा था और आखिरकार शुक्रवार को वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने तितली पार्क का लोकार्पण कर सैलानियों को सुपुर्द कर दिया। उन्होंने कहा कि कानपुर प्राणि उद्यान के तितली पार्क में रंग बिरंगी तितलियां सैलानियों को आकर्षण करेंगी।

कानपुर चिड़ियाघर अब तितली पार्क के लिये जाना जाएगा और रंग-बिरंगी तितलियां इठलाते हुए सैलानियों व बच्चों का मन मोहेंगी। इसकी तैयारी काफी समय से चल रही थी। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने तितली पार्क का उदघाटन किया। कहा, तितली पार्क बच्चों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। आज से शुरू हो रहे वन्य प्राणी सप्ताह के मौके पर चिड़ियाघर में सैलानियों की भारी भीड़ रही। तितलीघर को लेकर लोगों में काफी रोमांच रहा। खासकर रंग बिरंगी तितलियों से गुलजार पार्क को देख बच्चे खूब इठलाए।

झीलों में तैरती हंस और सारस बढ़ाएंगी शोभा

वन मंत्री ने बताया कि यहां काफी समय से सूखी पड़ी हुई झीलों को सही कराया जा रहा है। एक झील में मरम्मतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और कल से यहां पर हंस और सारस तैरते हुए नजर आएंगी, जिससे प्राणि उद्यान की शोभा बढ़ेगी। वहीं निदेशक एस एन मिश्रा ने बताया कि शासन की हरी झंडी के बाद तेंदुआ वाड़ा पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। सुरक्षा को लेकर भी इसमें खास इंतजाम बरते गये हैं। जैक और जैकी समेत आठ नन्हें शावकों को यहां छोड़ा गया है। इस दौरान वन मंत्री के साथ उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार ने वन्यजीव कर्मियों के संग पौधरोपण कार्यक्रम किया। चंपा और कचनार के पौधों को रोपा गया।