यूपी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस शासन में एक पुलिस अधीक्षक तक फरार हो जाए और निवेश के नाम पर अग्रिम राशि लेने वाला एक आईएएस अधिकारी भी लापता हो, वहां आम लोगों की गुमशुदगी का पता लगाना कैसे संभव है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हत्या, लूट, बलात्कार, ठगी और अपहरण जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा अब केवल कागजों तक सीमित रह गया है।

उन्होंने राजधानी लखनऊ का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां रोजाना कई आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जो प्रदेश की बिगड़ती स्थिति को दर्शाती हैं। अखिलेश यादव ने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एनएच-93 पर दिनदहाड़े बदमाशों ने सेना के जवान अखिलेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी।

इसके अलावा सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में थार वाहन सवार बदमाशों द्वारा एक युवक के अपहरण और लूट की घटना तथा गोमती नगर में महिला से पर्स छिनने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में करीब 1.08 लाख लोग लापता हुए हैं, जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में उत्तर प्रदेश में आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।