प्रदेश के संसदीय कार्य, वित्त व चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सपा को आतंकियों का हिमायती बताते हुए कहा कि ऐसी सोच रखने वाली ताकतें फिर सिर उठा रहीं हैं, इन्हें बढ़ने का मौका देना देश व प्रदेश हित में नहीं है।
मंत्री खन्ना यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि नागपंचमी पर हम सांप को दूध पिलाते हैं लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसी गलती न करें।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के व्यापारी सम्मेलन में आए मंत्री सुरेश खन्ना ने दीनदयाल सभागार में सपा की सोच बताते हुए कहा कि 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश सरकार ने एक सर्कुलर जारी कर आदेश दिया था कि जिन जिलों में आतंकी घटनाएं हुई हैं और मुकदमें लिखे गए हैं, उन्हें खत्म किया जाए।
आतंकियों की हिमायत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब यह लोग जिन्ना की तुलना गांधी से और साधुओं को चिलमची कहकर उनका अपमान कर रहे हैं। कोरोना काल में वैक्सीन पर बयान देकर सपा ने भ्रम फैलाया, जिससे बड़ा नुकसान हुआ।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जब भाजपा की सरकार बनी तो हमने सबसे पहले कानून का राज स्थापित कर आम लोगों को गुंडाराज से निजात दिलाई। प्रदेश में ऐसा माहौल बनाया कि बड़ी संख्या में निवेशक आए, साथ ही 87 हजार करोड़ का निर्यात भी उप्र ने किया।
उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि अराजकता की सोच वाली ताकतें फिर सिर उठा रहीं हैं, इन्हें दूध पिलाकर बढ़ने का मौका न दें। इस मौके पर जिला प्रभारी/विधायक सलिल विश्नोई , रविकांत गर्ग, मेयर रामतीर्थ सिंघल, जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा व जमुना कुशवाहा, मनमोहन गेडा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।