मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवती की जान चली गई। रक्षापुरम डिवाइडर रोड पर तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में धुत बुलेट सवार युवक ने पीछे से ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सिलाई सीखने जा रही थी प्रियंका

मृतका की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी। उसके पिता श्याम सिंह जाटव मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्रियंका अन्य लड़कियों के साथ ई-रिक्शा से मीनाक्षीपुरम सिलाई प्रशिक्षण केंद्र जा रही थी।

इसी दौरान रक्षापुरम डिवाइडर रोड पर एडब्यूएचओ कॉलोनी के पास बुलेट सवार ने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में प्रियंका के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य लड़कियों को हल्की चोटें आईं।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का हंगामा, कार्रवाई की मांग

सूचना मिलते ही गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू की। इसी दौरान परिजन भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताने लगे।

परिजनों ने एंबुलेंस में रखे शव को बाहर निकालने की मांग की और कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाकर परिजनों को शांत कराया और शव को मोर्चरी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।