मिर्जापुर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां टहलने निकले एक पूर्व प्रधान और अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पूरा स्थित सद्भावना नगर में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी राजीव सिंह (50) पहले ग्राम प्रधान रह चुके थे और पेशे से अधिवक्ता थे। वह पिछले कई वर्षों से शहर के सद्भावना नगर कॉलोनी में रह रहे थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह टहलने के लिए निकले थे और वापस घर लौट रहे थे।

इसी दौरान सद्भावना नगर चौराहे के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उनमें से एक ने नजदीक आकर तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही राजीव सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें आरोपी गोली चलाने के बाद भागते हुए दिखाई दे रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और पहले से उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

मृतक के परिजनों की नामजद शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।