ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खुले नाले में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र में गैलेक्सी गोल चक्कर से हनुमान मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर, सर्वोत्तम स्कूल के पास हुई। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार चालक सुशील त्यागी देर रात उस मार्ग से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और कार सीधे खुले नाले में जा गिरी।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने सीढ़ियों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन के जरिए कार को भी नाले से बाहर निकाल लिया गया।

प्राथमिक जांच में पुलिस का कहना है कि चालक संभवतः नशे की हालत में था और मोड़ लेने के बजाय सीधे आगे बढ़ गया, जहां सड़क नाले के पास समाप्त हो रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटनास्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगाए गए थे, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया।

बिसरख थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापरवाही से वाहन चलाने के पहलू पर भी पड़ताल की जा रही है।