गाजियाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक नॉनवेज दुकान को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने दुकान खुली देख आपत्ति जताई और दोबारा मंगलवार को दुकान खोलने पर आग लगाने की धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय
इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में सत्यम पंडित नाम का युवक एक बुजुर्ग दुकानदार से बहस करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक पहले भी मंगलवार के दिन दुकान बंद कराने पहुंचा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि उसकी तीखी नोकझोंक के बीच दुकानदार और वहां मौजूद अन्य लोग सामान समेटने लगते हैं।
‘मंगलवार को क्यों खोली दुकान?’
वीडियो में युवक कथित तौर पर दुकानदार से सवाल करता सुनाई देता है कि जब मंगलवार का दिन है, तो दुकान क्यों खोली गई। उस समय दुकान पर दो ग्राहक भी मौजूद दिखते हैं। बहस के दौरान युवक यह चेतावनी देता नजर आता है कि यदि आगे किसी मंगलवार को दुकान खुली मिली तो वह आग लगा देगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।