गाजियाबाद। मुरादनगर के रेवड़ा-रेवड़ी मार्ग पर शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें ट्रैक्टर सवार युवकों ने कार सवार व्यक्ति को अगवा कर सलेमाबाद गांव ले जाकर बंधक बनाया और बेरहमी से पीट दिया। इस दौरान पीड़ित से गले में लगी आठ तोले की सोने की चेन भी छीन ली गई।
पीड़ित भूपेंद्र कुमार ने बताया कि वह कार से गांव से मुरादनगर जा रहे थे। छज्जुपुर के पास अचानक उनकी कार के सामने ट्रैक्टर रुक गया। इससे पहले कि वह स्थिति को समझ पाते, ट्रैक्टर से तीन युवक उतरकर उन्हें कार से बाहर खींचकर ट्रॉली में डाल लिया। इसके बाद उन्हें सलेमाबाद ले जाकर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भूपेंद्र को मुक्त कराया। घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पीड़ित ने इस मामले में एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एसीपी ने बताया कि यह मामला पैसे के लेन-देन से जुड़ा हुआ है और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।