गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की बुध बाजार कॉलोनी में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने इलाके को दहला दिया। अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और अपने ही दोस्त को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी राशिद ने अपने दोस्त फहीम (32), जो खुशहाल पार्क कॉलोनी का निवासी था, को रात में अपने घर बुलाया था। घर के एक कमरे में पत्नी शबनम (36) के साथ तीनों के बीच बातचीत हो रही थी, तभी विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर राशिद ने तमंचे से पहले फहीम और फिर अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी।

घटना के वक्त घर में मौजूद बच्चों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फहीम के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राशिद और फहीम के बीच करीब 20 साल पुरानी दोस्ती थी और दोनों एक साथ कारोबार करते थे। इसी दौरान फहीम और शबनम के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, जिससे नाराज होकर राशिद ने यह कदम उठाया।

एक बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पिता को दोनों पर गोली चलाते देखा। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि वारदात पूर्व नियोजित हो सकती है, क्योंकि आरोपी ने दोनों को एक ही कमरे में बुलाकर बच्चों को बाहर भेज दिया था।

पुलिस फहीम और राशिद के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। वहीं, पूरे मामले में अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।