गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने 19 अप्रैल की देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे टीलामोड़ निवासी युवक अपनी सगी चार वर्षीय भांजी को घर के बाहर से यह कहकर ले गया था कि उसे कुछ सामान दिलाएगा। आरोपी बच्ची को अपने कमरे पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने मासूम के शव को कंधे पर उठाकर शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के 80 फुटा रोड पर एक कार के नीचे फेंक दिया।
घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान दिल्ली रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की मौजूदगी सामने आई, जहां वह काफी देर तक देखा गया लेकिन किसी ट्रेन में सवार नहीं हुआ। इसके बाद क्राइम ब्रांच भी उसकी तलाश में सक्रिय हो गई थी।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बंथला नहर के पास किसी से मिलने आने वाला है। इस इनपुट पर टीलामोड़ पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध को आते देखा और रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा।
भागते समय आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।