कौशांंबी: कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव में शनिवार देर रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसमें वांछित आरोपियों की तलाश में गई छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के देवेंद्र नगर थाने की पुलिस टीम आकाश, शिवम और एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में ईचौली गांव पहुंची थी। टीम सादे कपड़ों में थी, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचान नहीं पाया और चोर होने का शक जताया।

बताया गया कि छत्तीसगढ़ में दर्ज एक मामले में इचौली गांव निवासी शिवम केसरवानी वांछित है और उसके खिलाफ वारंट जारी है। इसी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम देर रात गांव पहुंची थी।

भीड़ ने समझा चोर, शुरू हुई मारपीट

सिविल ड्रेस में पहुंचे पुलिसकर्मी जब आरोपी के घर के आसपास पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें संदिग्ध समझकर ‘चोर-चोर’ का शोर मचा दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम को घेर लिया।

भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं।

अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह बचकर निकले

स्थिति बिगड़ती देख टीम में शामिल चार अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहे। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।