बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे निषाद नगर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना हुई। घर के बाहर खेल रहे आठ वर्षीय सुभाष पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले गया, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने और पीछा करने पर वह उसे घायल हालत में छोड़कर भाग गया।
परिजन सुभाष को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रात के समय अकेले बाहर न निकलने और समूह में रहने की अपील भी की गई है।
वन रेंज अधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वन दरोगा मयंक पांडेय के नेतृत्व में टीम मौके पर भेजी गई है। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।