लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने के मामले में अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। एटीएस/एनआईए विशेष अदालत ने प्रेशर कुकर बम के जरिए लखनऊ समेत कई शहरों में धमाके की योजना बनाने के दोषी पाए गए तीन आतंकियों को आजीवन कारावास की सजा दी है।

जांच में सामने आई थी बड़ी साजिश

जांच एजेंसियों के अनुसार, जुलाई 2021 में एटीएस ने लखनऊ के काकोरी और मड़ियांव क्षेत्र से अल-कायदा समर्थित संगठन अंसार गजवातुल हिंद (AGH) से जुड़े दो आतंकियों मिन्हाज अहमद और मुशीरुद्दीन को गिरफ्तार किया था। इनके पास से दो प्रेशर कुकर बम भी बरामद किए गए थे।

खुफिया जानकारी में खुलासा हुआ था कि इनका उद्देश्य 15 अगस्त से पहले लखनऊ और यूपी के प्रमुख शहरों में बड़े धमाके करना था।

ई-रिक्शा में बम लगाने की थी योजना

पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुशीरुद्दीन ने ई-रिक्शा में विस्फोटक लगाकर हमले को अंजाम देने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपी कश्मीर में मौजूद अपने हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर काम कर रहे थे।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी

मामले की आगे की जांच के दौरान एटीएस ने तौहीद समेत अन्य संदिग्धों को कानपुर और संभल से भी हिरासत में लिया था। आरोपियों के पास से विस्फोटक सामग्री, बड़ी मात्रा में बारूद और कई शहरों के नक्शे बरामद किए गए थे।

बाद में यह मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दिया गया, जिसने विस्तृत जांच के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी।